तिलहर में दिनदहाड़े बड़ी चोरी: कंप्यूटर सेंटर की खिड़की तोड़ 7 कंप्यूटर, लैपटॉप व बैटरियां ले उड़े चोर![]()
टेन न्यूज़ ii 10 जून 2026 ii अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
शाहजहांपुर जनपद के थाना तिलहर क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर बुजुर्ग में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बेखौफ चोरों ने एक कंप्यूटर सेंटर को निशाना बनाते हुए पीछे की खिड़की तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अवनीश कुमार कुशवाहा के कंप्यूटर सेंटर में आज दोपहर करीब 12 बजे से 4 बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोर सेंटर की पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और वहां रखे 7 कंप्यूटर, 1 लैपटॉप और 2 बैटरियां चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी तब हुई जब सेंटर संचालक मौके पर पहुंचे। सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए उपकरणों की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीच दिन में इस तरह की चोरी होना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चोरों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।