कथा का पंचामृत पीते ही बिगड़ी तबीयत, 4 दर्जन से अधिक लोग बीमार, मचा हड़कंप
कन्नौज के सिम्हापुर गांव में धार्मिक कार्यक्रम के बाद मचा हड़कंप
कई बच्चों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल से तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर
कन्नौज, उत्तर प्रदेश | टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट
जनपद कन्नौज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक धार्मिक कथा के दौरान वितरित किए गए पंचामृत को पीने के बाद 4 दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए। मामला कन्नौज जिले के सिम्हापुर गांव का बताया जा रहा है, जहां घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार गांव में आयोजित धार्मिक कथा के समापन के बाद बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोगों को पंचामृत का प्रसाद वितरित किया गया था। प्रसाद ग्रहण करने के कुछ ही देर बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायतें बढ़ने लगीं, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि अब तक करीब 48 से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं, जिनमें बच्चों की संख्या अधिक है। सभी को आनन-फानन में जिला अस्पताल कन्नौज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश मरीजों की हालत फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन 4 से 5 बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कुछ गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन का कहना है कि घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
