• Sun. Aug 2nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

गौकशी में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार, अभियुक्त के पैर में लगी गोली

ByTen News One Desk

Aug 2, 2026
9 Views

गौकशी में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार, अभियुक्त के पैर में लगी गोली


टेन न्यूज ii 02 अगस्त 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया।* अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में 16 किलो संदिग्ध मांस बरामद होने के बाद शुरू हुई पुलिस जांच शनिवार तड़के पुलिस मुठभेड़ तक पहुंच गई। गौकशी के मामले में वांछित एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। जबकि उसका एक अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

30 जुलाई की रात को क्षेत्राधिकारी अजीतमल के निर्देशन में गश्त के दौरान भीखेपुर के पास पुलिस ने एक नाबालिग को लगभग 16 किलो संदिग्ध मांस के साथ पकड़ा था।

पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने दलेल नगर समेत कई स्थानों पर छापेमारी की थी। बरामद मांस का नमूना पशु चिकित्साधिकारी डॉ. उमेश राजपूत ने जांच के लिए मथुरा स्थित प्रयोगशाला भेजा था। इसी मामले में पुलिस गौकशी से जुड़े आरोपितों की तलाश कर रही थी।

शनिवार तड़के प्रतापपुर अंडरब्रिज के पास पुलिस चेकिंग के दौरान बाबरपुर की ओर से बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। कुछ दूरी पर ब्रेकर आने से उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई।

आरोप है कि इस दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक आरोपी रतनीपुर-जगदीशपुर, भीखेपुर निवासी मनोज कुमार पुत्र सुरेश चंद्र के बाएं पैर में गोली लग गई।

उसका साथी इस्लामनगर, बाबरपुर निवासी राजा मौके से फरार हो गया। घायल मनोज कुमार को तत्काल सीएचसी अजीतमल ले जाया गया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्र ने बताया कि प्रतापपुर अंडरब्रिज के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। बाइक गिरने के बाद एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में मनोज कुमार घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि घायल आरोपी 30 जुलाई की रात दर्ज हुए गौकशी प्रकरण में वांछित था। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है तथा मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि बरामद संदिग्ध मांस की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की धाराएं और कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!