जिलाधिकारी ने ग्राम सचिवालय, डिजिटल लाइब्रेरी और जनसेवा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण![]()
ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश, व्यवस्थाएं और सुदृढ़ करने पर दिया जोर
टेन न्यूज ii 06 जुलाई 2026 ii प्रभाष चंद्र ब्यूरो
लोकेशन: कन्नौज
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने विकासखंड कन्नौज की ग्राम पंचायत सैयदपुर सकरी, गुखरू एवं जलालपुर सरवन का औचक निरीक्षण कर ग्राम सचिवालय, डिजिटल लाइब्रेरी तथा कॉमन सर्विस सेंटर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्रामीणों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।![]()
ग्राम पंचायत सैयदपुर सकरी में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत सहायक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री को प्रतिदिन निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी के अभिलेख एवं रजिस्टर सुव्यवस्थित रखने तथा पुस्तकों के निर्गमन एवं वापसी का तिथिवार विवरण दर्ज करने को कहा। साथ ही धार्मिक, प्रतियोगी परीक्षाओं, बाल साहित्य एवं अन्य विषयों की पुस्तकों को श्रेणीवार व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं “जब चाँद नीला था” पुस्तक अध्ययन हेतु निर्गत कराई और उसका विवरण रजिस्टर में दर्ज कराया। उन्होंने पुस्तक पढ़ने के बाद उसे शीघ्र लाइब्रेरी में वापस करने की बात भी कही। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र की रंगाई-पुताई कर उसे आकर्षक बनाने के निर्देश दिए।![]()
इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत गुखरू में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी एवं कॉमन सर्विस सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने जनसेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना की। यहां पंजाब नेशनल बैंक की मिनी शाखा के माध्यम से प्रतिदिन 10 हजार रुपये तक की निःशुल्क निकासी और 25 हजार रुपये तक धनराशि जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र, राजस्व भुगतान, शौचालय, विधवा पेंशन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के आवेदन भी यहीं से किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को डिजिटल लाइब्रेरी परिसर की चारदीवारी के आसपास व्यापक वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही नायब तहसीलदार को निर्देशित किया कि ग्राम प्रधान के साथ समन्वय स्थापित कर इसी सप्ताह उत्सव भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन कराया जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत जलालपुर सरवन स्थित डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए लाइब्रेरी में कूलर की व्यवस्था कराने तथा ग्राम पंचायत अधिकारी, पंचायत सहायक एवं रोजगार सेवक को नियमित रूप से उपस्थित रहकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि ग्राम सचिवालय, डिजिटल लाइब्रेरी एवं कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीण विकास, शिक्षा, डिजिटल सशक्तिकरण और जनसेवा के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इनका प्रभावी संचालन सुनिश्चित कर ग्रामीणों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रकाश, खंड विकास अधिकारी कन्नौज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।