अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया गया योग प्रशिक्षण

Ten News !! 08 June 2026 !! Desk news
शाहजहाँपुर। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी द्वारा संचालित योग वेलनेस सेंटर, मझला (सीएचसी मीरानपुर कटरा/खुदागंज), जनपद शाहजहाँपुर के तत्वावधान में बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, तिलहर में योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सिराज अहमद तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविन्द्र कुमार सागर के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। शिविर में योग प्रशिक्षक श्री चिवनाथ पाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योग प्रोटोकॉल के अनुरूप विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन, कुर्सी आसन सहित विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों, नियमित योगाभ्यास के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली में योग की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
योग प्रशिक्षक श्री चिवनाथ पाल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी श्री राजवीर वर्मा, मुख्य सेविका श्रीमती निहारिका भाटिया, कनिष्ठ सहायक श्रीमती खदीजा रुखसार, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुश्री अर्चना भारती एवं सहयोग सहायक श्री नमित कुमार का विशेष सहयोग रहा।
शिविर का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को योग के प्रति जागरूक करना, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान को गति प्रदान करना रहा।