भाजपा सरकार प्रदेश के लिए संकट, सत्ता से हटेगी तभी समाधान होगा: अखिलेश यादव![]()
टेन न्यूज ii 02 अगस्त 2026 ii डीपी सिंह, एडिटर इन चीफ@ डेस्क
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए सबसे बड़ा संकट मौजूदा सरकार है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सत्ता से हटेगी तभी प्रदेश की समस्याओं का समाधान संभव होगा।
रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने छात्रों, नौजवानों और बेटियों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी छात्रों से मुकदमा न दर्ज करने और उत्पीड़न न करने का वादा किया गया था, लेकिन अब उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
फतेहपुर के एक विद्यालय का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों की मांग केवल पीने के पानी और पंखों की थी। मांगें मानने के बाद भी छात्रों और उनके परिवारों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के विधायक पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी हरसंभव मदद करेंगे।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, भूमि कब्जाने और विकास कार्यों में अनियमितताओं के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कलाकारों को सम्मान दिया जाएगा और पूर्व की तरह यश भारती सम्मान योजना को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
यह बयान समाजवादी पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर है।