• Sat. Aug 1st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

ByTen News One Desk

Aug 1, 2026
13 Views

सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश


टेन न्यूज ii 01 अगस्त 2026 ii डेस्क न्यूज

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील कलान में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में पूर्ण गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा आवश्यकतानुसार स्वयं मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापरक एवं संतोषजनक होना चाहिए।

राजस्व संबंधी विवादों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे आमजन का शासन प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) सचिन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, परियोजना निदेशक अवधेशराम, उपजिलाधिकारी कलान आशुतोष कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!