शाहजहांपुर जिलाधिकारी ने जिले में बारिश से फसल क्षति का 24 घंटे में सर्वे करने के निर्देश दिए![]()
टेन न्यूज ।। 26 सितम्बर 2026 ।। डीपी सिंह, डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर । जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में उन्होंने बारिश के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में बारिश से प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी लेखपाल अगले 24 घंटे के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों की फसल क्षति का स्थलीय सर्वे कराकर उसकी जानकारी संबंधित पोर्टल पर फीड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे का कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी पात्र किसान को सहायता से वंचित न होना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि फसल क्षति का सर्वे पूरा होने और आवश्यक प्रक्रिया के बाद किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन और प्रशासन किसानों की फसल क्षति की भरपाई के लिए पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का समयबद्ध तरीके से पालन सुनिश्चित करने को कहा।