बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों की चोरी, बढ़ती घटनाओं से दहशत

टेन न्यूज़ !! २४ सितम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर । नगर के व्यस्त स्टेशन रोड स्थित मोहल्ला बनवारीपुर में चोरों ने रिटायर्ड रेलवे महिला कर्मचारी के बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़िता की पुत्री ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी नीलम की पुत्री रीमा ने बताया कि उनकी मां बीमार थीं और इलाज के लिए वह 19 सितंबर को दिल्ली गई थीं। घर पर कोई नहीं था और मकान में ताला लगा हुआ था। सोमवार सुबह करीब चार बजे जब रीमा दिल्ली से वापस घर पहुंचीं तो खिड़कियों की जाली टूटी हुई थी और दरवाजे का लॉक भी टूटा पड़ा था।
उन्होंने परिचितों को बुलाकर घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। रीमा के अनुसार, चोर घर में अलग-अलग स्थानों पर रखी करीब 90 हजार रुपये की नकदी, 50 ग्राम चांदी के दो बिस्किट, 20 ग्राम चांदी का एक बिस्किट, सोने की एक अंगूठी, दो जोड़ी टॉप्स, चांदी की दो कटोरी, सोने की तीन लेडीज अंगूठियां और कीमती कपड़े चोरी कर ले गए।
चोरी की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पीड़िता की ओर से तहरीर देकर चोरी का खुलासा करने की मांग की गई है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में अज्ञात चोरों को लेकर दहशत बढ़ती जा रही है।