• Sun. May 10th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अखिलेश यादव के लिए 2047 तक कोई स्कोप नहीं, फर्रुखाबाद में प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने की भविष्यवाणी

ByTen News One Desk

May 10, 2026
8 Views

अखिलेश यादव के लिए 2047 तक कोई स्कोप नहीं, फर्रुखाबाद में प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने की भविष्यवाणी


टेन न्यूज़ ii 10 मई 2026 ii तौफ़ीक फारुकी ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह फर्रुखाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इसके बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव के लिए वर्ष 2047 तक कोई राजनीतिक स्कोप नहीं है। उन्होंने यह बयान अखिलेश यादव द्वारा बेटियों को मुफ्त शिक्षा देने संबंधी बयान के जवाब में दिया। मंत्री ने कहा कि भविष्य की बातें करने से पहले अखिलेश यादव को अपने 2012 से 2017 तक के कार्यकाल का आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी, दंगे होते थे, महिलाओं पर अत्याचार होते थे और अपराधियों का बोलबाला था।

उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” की स्थिति थी, जबकि वर्तमान सरकार “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट” योजना पर काम कर रही है। मंत्री ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है और प्रदेश में देश-विदेश के निवेशक उद्योग लगाने आ रहे हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि “गंगोत्री से गंगासागर तक भगवा है” और लोकतंत्र में हार-जीत चलती रहती है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है।

प्रभारी मंत्री ने फर्रुखाबाद के विकास पर जोर देते हुए कहा कि जब फर्रुखाबाद विकसित होगा तो प्रदेश और देश भी विकसित होगा। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। इस दौरान सांसद मुकेश राजपूत, विधायक सुशील शाक्य, सुनील दत्त द्विवेदी, नागेंद्र सिंह राठौर एवं डॉ. सुरभि सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा मंत्री जयवीर सिंह ने जिले की विभिन्न विधानसभाओं में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया तथा लाभार्थियों को कृषि यंत्र भी वितरित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!