• Wed. Jul 1st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सियूरा में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. सत्यपाल सिंह यादव की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

ByTen News One Desk

Jul 1, 2026
25 Views

सियूरा में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. सत्यपाल सिंह यादव की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित


टेन न्यूज ii 01 जुलाई 2026 ii रिपोर्टर: पप्पू अंसारी

मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। गरीब, पिछड़े और दलित समाज के अधिकारों की लड़ाई को अपना जीवन समर्पित करने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सत्यपाल सिंह यादव (बाबू जी) की जयंती के अवसर पर उनके पैतृक गांव सिउरा स्थित जन चेतना स्थली समाधि पर भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर स्व. सत्यपाल Singh यादव के पुत्र एवं पूर्व विधायक राजेश यादव तथा पूर्व एमएलसी अमित यादव ने पुष्प अर्पित कर अपने पिता को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बाबू जी ने अपना पूरा जीवन समाज के कमजोर, गरीब, पिछड़े और दलित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और सामाजिक न्याय का प्रतीक रहा है।

राजेश यादव ने कहा कि बाबू जी ने हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को बुलंद किया और उसके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी लाखों लोगों को जनसेवा और समाजहित के कार्यों के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अमित यादव ने कहा कि बाबू जी की सोच केवल राजनीति तक सीमित नहीं थी, बल्कि उनका उद्देश्य समाज के हर वर्ग को सम्मान और न्याय दिलाना था।

श्रद्धांजलि सभा में विधानसभा अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव सैयद रिजवान अहमद, समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष रामकुमार भोजवाल, वरिष्ठ सपा नेता हाजी आरिफ हुसैन, सपा नेता सुरेंद्र गुप्ता, सपा नेत्री सूची कश्यप, पुनीत गुप्ता, प्रसून कन्नौजिया, राहुल यादव, जितेंद्र यादव, राजेश बाथम, सौरभ गुप्ता, विपिन यादव और आकाश यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्व. सत्यपाल सिंह यादव के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने सदैव शोषित, वंचित और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। उनके संघर्षों ने समाज के कई वर्गों को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके सिद्धांत, विचार और जनकल्याणकारी सोच आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

मंडल बरेली मीडिया प्रभारी प्रमोद गंगवार ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष बाबू जी की जयंती पर जन चेतना स्थली पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाती है, ताकि उनके आदर्शों, संघर्षों और समाज सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!