गांधी जयंती पर कन्नौज जिलेभर में होंगे स्वच्छता, श्रद्धांजलि, जागरूकता एवं सेवा के विविध कार्यक्रम—जिलाधिकारी

टेन न्यूज़ !! २५ सितम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में 02 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जयंती केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वच्छता, सेवा, सत्य, अहिंसा, सामाजिक समरसता एवं जनभागीदारी के संकल्प को साकार करने का अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि चल रहे सेवा-संकल्प अभियान से जोड़ते हुए गांधी जयंती के सभी कार्यक्रम गरिमापूर्ण, व्यापक एवं प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं। कार्यक्रमों में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, सिविल डिफेंस तथा अन्य स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने निर्धारित कार्यक्रमों की समय-सारिणी के अनुसार अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि जनपद की सभी नगर पालिकाओं/नगर पंचायतों तथा ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं माल्यार्पण किया जाएगा। सभी सार्वजनिक स्थलों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की विशेष सफाई, सजावट तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों, राजकीय भवनों, विद्यालयों एवं प्रमुख संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, आदर्शों एवं स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा।
निर्धारित समयानुसार स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वतंत्रता आंदोलन को समर्पित पदयात्रा एवं स्वच्छता यात्रा आयोजित होगी, जिसमें स्काउट-गाइड, एनएसएस, एनसीसी कैडेट, सिविल डिफेंस एवं अन्य स्वयंसेवक सहभागिता करेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला कारागार, वर्धा आश्रम तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर भी गांधी जयंती के कार्यक्रम उत्साह एवं गरिमा के साथ आयोजित किए जाएं। जनपद की 499 ग्राम पंचायतों में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जाए तथा जो वरिष्ठ नागरिक कार्यक्रम स्थल तक आने में असमर्थ हों, उन्हें उनके घर जाकर सम्मानित किया जाए।
उन्होंने नगर निकायों में सफाई, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव सहित उपलब्ध संसाधनों का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने 01 अक्टूबर 2026 से जन्म-मृत्यु पंजीकरण के नियमों में होने वाले बदलाव के दृष्टिगत विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लंबित जन्म-मृत्यु पंजीकरण के लिए कैंप लगाकर लोगों को सुविधा एवं सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए। विद्यालयों में अध्यापकों के माध्यम से भी बच्चों एवं अभिभावकों को जागरूक किया जाए तथा किसी भी व्यक्ति में अनावश्यक भय या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, अपर जिलाधिकारी वि0/ रा0 देवेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उप जिलाधिकारी तिर्वा वैशाली, डीसी मनरेगा दिनेश यादव, पीडी डीआरडीए रामऔतार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।