रायबरेली में “एशिया भारत क्लब का समर कैंप संपन्न, पूनम सिंह ने बच्चों को किया सम्मानित”![]()
टेन न्यूज ii 07 जून 2026 ii वसीम खान ब्यूरो
रायबरेली। एशिया भारत क्लब में आयोजित छह दिवसीय समर कैंप का शनिवार को रंगारंग कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन हो गया। 1 जून से शुरू हुए इस विशेष कैंप में बच्चों ने खेलकूद, फिटनेस और आत्मरक्षा की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में कमला फाउंडेशन की प्रेसिडेंट पूनम सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया तथा फाउंडेशन की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस समर कैंप में कुल 90 बच्चों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 55 बालिकाएं और 35 बालक शामिल रहे। खास बात यह रही कि बेटियों की भागीदारी अधिक देखने को मिली। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पूनम सिंह व अन्य अतिथियों ने सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
छह दिनों तक चले इस कैंप में बच्चों को तीरंदाजी (आर्चरी), निशानेबाजी (शूटिंग), ताइक्वांडो, जुंबा डांस, एरोबिक्स, मनोरंजक खेलों और फिजिकल फिटनेस एक्सरसाइज का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास को बढ़ावा मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एशिया स्पोर्ट्स क्लब के प्रेसिडेंट जिया भाई, कैंप के मुख्य आयोजक मोहम्मद कामरान सिद्दीकी और कोऑर्डिनेटर विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह आयोजन कमला फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न हुआ।
समापन समारोह में रहमत भाई, रमजान भाई, अबूजर भाई, कामरान सर, जितेंद्र सिंह, रजत सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाया।