तिलहर में चलती ट्रेन से युवक को धक्का देकर गिराया, गंभीर घायल![]()
जौनपुर से दिल्ली जा रहा था युवक, सीएचसी से जिला मेडिकल कॉलेज रेफर; बहनोई ने निजी अस्पताल में कराया भर्ती
तिलहर/शाहजहांपुर । जौनपुर से दिल्ली जा रहे एक युवक को चलती ट्रेन से धक्का देकर नीचे गिरा दिए जाने का मामला सामने आया है। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बाद में युवक के बहनोई उसे फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव धनेली के ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
अस्पताल में घायल युवक ने अपना नाम अंकित कुमार निवासी बसीरपुर, जनपद जौनपुर बताया। उसने बताया कि वह शुक्रवार शाम जौनपुर जंक्शन से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार हुआ था। शनिवार सुबह वह ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा था। इसी दौरान दो युवक आपस में झगड़ते हुए उसके पास पहुंचे और उनमें से एक ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे वह रेलवे ट्रैक के किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अंकित ने पुलिस को अपने बहनोई श्रीकृष्ण निवासी कायमगंज, जनपद फर्रुखाबाद का संपर्क उपलब्ध कराया। सूचना मिलने पर श्रीकृष्ण जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचे और अंकित को बेहतर उपचार के लिए कायमगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।