• Sun. May 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सदर कन्नौज में सम्पन्न हुआ

ByTen News One Desk

May 17, 2026
4 Views

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सदर कन्नौज में सम्पन्न हुआ


टेन न्यूज़ !! १७ मई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील सदर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 152 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसी प्रकार तहसील तिर्वा में कुल 152 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 09 शिकायतों का निस्तारण किया गया। वहीं तहसील छिबरामऊ में कुल 126 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनका गुणवत्तापूर्ण, तथ्यपरक एवं समयबद्ध निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा 19 संशोधित खतौनियों का वितरण भी किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना-2027 के अंतर्गत दिनांक 07 मई से 21 मई 2026 तक जनपद कन्नौज में स्व-गणना अभियान सक्रिय रूप से संचालित है। सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने अधीनस्थों से स्व-गणना अवश्य कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन स्तर से एल-1 लेवल अधिकारियों हेतु पोर्टल पर “स्पेशल क्लोज” का विकल्प समाप्त कर दिया गया है। ऐसे में सभी प्राप्त संदर्भों पर शत-प्रतिशत फीडबैक दर्ज किया जाना अनिवार्य होगा।

उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक संदर्भ में आवेदक से वार्ता करना, स्थलीय निरीक्षण करना तथा मौके के फोटोग्राफ एवं दो गवाहों के हस्ताक्षर सहित आख्या तैयार कर पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस केवल औपचारिकता न होकर जनसमस्याओं के प्रभावी निराकरण का सशक्त माध्यम है। अतः शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद, पट्टा, खतौनी प्रविष्टि, अवैध कब्जे एवं राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों की नियमित निगरानी तहसीलदार स्वयं करें तथा संबंधित लेखपाल प्रकरण की पूर्ण जानकारी रखें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रत्येक अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ लें तथा मौके पर जाकर सत्यापन कर वास्तविक समाधान सुनिश्चित करें।

इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा खरीफ सीजन के लिए 09 किसानों को निशुल्क मिनीकिट बीज वितरित किए गए। बताया गया कि सरकार द्वारा खरीफ सीजन हेतु जनपद को विभिन्न फसलों के निशुल्क बीज उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें उड़द 04 कुंतल, मूंग 06 कुंतल, अरहर 14 कुंतल, तिल 01 कुंतल, मूंगफली 10 कुंतल, ज्वार 16 कुंतल, बाजरा 18 कुंतल, कोदो 06 कुंतल, सांवा 5.28 कुंतल तथा रागी 13.02 कुंतल शामिल हैं।

इसी प्रकार सामान्य बीज वितरण हेतु भी जनपद को खरीफ सीजन के बीज प्राप्त हुए हैं, जिन पर पंजीकृत कृषकों को 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इसमें ढैंचा बीज 314 कुंतल, धान 542.05 कुंतल, उड़द 10.92 कुंतल, मूंग 14.92 कुंतल, मूंगफली 106.4 कुंतल, अरहर 86 कुंतल तथा तिल 10 कुंतल बीज प्राप्त हुआ है। कुल 829.39 कुंतल बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, उपजिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, तहसीलदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!