• Wed. Jun 3rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

ढेकियाजुली में ड्रग्स विरोधी अभियान: 6 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार

ByTen News One Desk

Jun 3, 2026
2 Views

ढेकियाजुली में ड्रग्स विरोधी अभियान: 6 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार


ढेकियाजुली क्षेत्र में ड्रग्स का कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा : दीपक दास


Ten News !! 03 June 2026 !!  प्रशांत बैश्य, ढेकियाजुली (असम)। असम के शोणितपुर जिले के अंतर्गत ढेकियाजुली पुलिस ने ड्रग्स विरोधी अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से संदिग्ध हेरोइन समेत कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4 बजे गुप्त सूचना के आधार पर ढेकियाजुली थाना क्षेत्र के पदुमपुखुरी इलाके में पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान मुजफ्फर अली (29) को गिरफ्तार किया गया, जो मोहम्मद फजल बरेक का पुत्र बताया गया है।

बताया जाता है कि शोणितपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण पुरकायस्थ के निर्देश पर जिलेभर में ड्रग्स एवं गांजा के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ढेकियाजुली उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी भार्गव मुनि दास की निगरानी तथा थाना प्रभारी दीपक दास के नेतृत्व में उप-निरीक्षक प्रदीप बोरा एवं बरछला पुलिस चौकी प्रभारी टाकार पेगु के सहयोग से यह कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से 32 शीशियों (वायल) में भरी संदिग्ध हेरोइन बरामद की। बरामद वायल का कुल वजन लगभग 45 ग्राम बताया गया है, जबकि वायल और पैकिंग सामग्री का वजन हटाने के बाद मादक पदार्थ का वास्तविक वजन करीब 6 ग्राम पाया गया।

इसके अलावा पुलिस ने मौके से वीवो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, ड्रग्स तस्करी में इस्तेमाल होने के संदेह में AS-12-AK-3667 नंबर की लाल रंग की मारुति स्विफ्ट कार, 9 खाली वायल, तीन काले रंग के प्लास्टिक कैरी बैग तथा एक एयरटेल और एक वोडाफोन सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।

पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दीपक दास ने कहा कि ढेकियाजुली क्षेत्र में किसी भी कीमत पर ड्रग्स का कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

— प्रशांत बैश्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!