मीरानपुर कटरा में बदले सियासी समीकरण: राइस मिलर मोहित गुप्ता सपरिवार भाजपा के साथ, ‘कमल’ के लिए घर-घर मांगे वोट
टेन न्यूज़ ii 01 मई 2026 ii पप्पू अंसारी,मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । नगर पंचायत उपचुनाव के बीच कस्बे की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। क्षेत्र के प्रमुख राइस मिलर मोहित गुप्ता ने सपरिवार पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता के साथ एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी सोनम गुप्ता को समर्थन देने का ऐलान कर दिया।
समर्थन के तुरंत बाद सभी नेताओं ने मिलकर क्षेत्र में डोर-टू-डोर जनसंपर्क शुरू कर दिया और जनता से ‘कमल’ के निशान पर वोट देने की अपील की।
बताया जा रहा है कि पूर्व में सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता और मोहित गुप्ता के बीच चल रहा विवाद अब पूरी तरह समाप्त हो गया है। नगर के संभ्रांत नागरिकों की पहल पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद आपसी मतभेद खत्म कर एकजुटता का संदेश दिया गया।
मोहित गुप्ता ने कहा कि अब वह सभी पुराने मतभेद भुलाकर अपने चाचा सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता के साथ भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता को भारी मतों से जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक साथ मोहल्लों में जाकर जनसंपर्क किया और लोगों से समर्थन मांगा।
इस दौरान जय जय राम गुप्ता, शोभित गुप्ता, मनोज गुप्ता, बरेली उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कमलेश गुप्ता और बृजेश गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
क्षेत्र में लगातार मिल रहे समर्थन से भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता का जनाधार मजबूत होता नजर आ रहा है। मोहित गुप्ता के इस फैसले और संयुक्त जनसंपर्क अभियान से भाजपा खेमे में खासा उत्साह देखा जा रहा है, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
