सड़क चौड़ीकरण कार्य की धीमी प्रगति पर वित्त मंत्री सख्त, अधिकारियों व ठेकेदार को लगाई फटकार

टेन न्यूज़ !! १७ मई २०२६ !! डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर मा० वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सख्त रुख अपनाते हुए निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई।
शनिवार को मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के साथ लोहार वाले चौराहे पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी रफ्तार देखकर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद एई, जेई एवं एक्सईएन से कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही और देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि इससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंत्री ने संबंधित ठेकेदार को भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी कार्य मानकों के अनुरूप समय पर पूरे हों।
इसके बाद मंत्री ने ककरा स्थित नवनिर्मित नगर निगम कार्यालय एवं वहां चल रहे सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम कार्यालय के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कर हस्तांतरण प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
