कन्नौज में झोलाछापों पर बड़ा शिकंजा: 6 अवैध क्लीनिक सील, संचालकों पर मुकदमा दर्ज
टेन न्यूज़ ii 02 मई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, लोकेशन: कन्नौज, उत्तर प्रदेश
कन्नौज। जनपद में अवैध चिकित्सकीय गतिविधियों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह क्लीनिक संचालकों के विरुद्ध विभिन्न थानों में मुकदमा दर्ज कराया है। यह अभियान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
औचक निरीक्षण में खुली पोल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, शिकायतों और मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी मो. अजहर सिद्दीकी द्वारा कई क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई क्लीनिकों में संचालक वैध चिकित्सकीय प्रमाण पत्र और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
नोटिस के बाद भी नहीं दिया जवाब
निरीक्षण के बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समयसीमा बीतने के बाद भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई।
इन क्लीनिकों पर कार्रवाई
कार्रवाई के दायरे में आए क्लीनिकों में समधन का बंगाली क्लीनिक, रसूलाबाद का लक्ष्मी क्लीनिक, फरिकापुर का मैराज क्लीनिक, सौंसरापुर का फैसल/अलीमुद्दीन क्लीनिक, मलिकपुर का रिंकू क्लीनिक और गोवर्धनी रोड स्थित सुपर हेल्थ केयर सेंटर शामिल हैं।
जनता से अपील
सीएमओ ने आमजन से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत और प्रमाणित चिकित्सकों से ही इलाज कराएं तथा अवैध क्लीनिकों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह कार्रवाई जनपद में अवैध चिकित्सा प्रथाओं पर लगाम लगाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
(अटेंड टेन न्यूज)
