कन्नौज में समाधान दिवस: डीएम-एसपी ने सुनीं जन शिकायतें, दिए सख्त निर्देश
टेन न्यूज़ ii 02 मई 2026 ii लोकेशन: कन्नौज, उत्तर प्रदेश
रिपोर्ट: प्रभाष चंद्र
कन्नौज। जनपद में शनिवार को तहसील छिबरामऊ में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना।
तहसील परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को उचित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता की समस्याओं पर फोकस
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
पुलिस को भी दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
(टेन न्यूज कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट)
