अलवर राजस्थान लोकेशन ब्यूरो जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित![]()
वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा एवं समिति के सदस्यगणों ने जन अभियोग एवं विकास कार्यों को गति प्रदान करने के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई
टेन न्यूज़ ii 28 जुलाई 2026 ii रुपेश शर्मा ब्यूरो
अलवर (राजस्थान)। जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई, जिसमें जिले के विकास व जन अभियोग विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर चौधरी सहित समिति के सदस्यगण मौजूद रहें।
वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने कहा कि जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक में आमजन से जुड़े प्रमुख अभाव अभियोगों एवं मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा कर निराकरण किया जाता है।
उन्होंने इस दौरान उदयनाथ धाम में नगर वन एवं सोनावा डूंगरी पर श्रीराम वाटिका,सर्किट हाउस में नमोवन विकसित कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने, कुशलगढ़ मोड़ से थैंक यू बोर्ड तक सड़क निर्माण कार्य एवं भर्तृहरि पुलिया कार्य की प्रगति,शहर में नाले व नालियों की समुचित साफ-सफाई, सीवरेज निर्माण से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत इत्यादि पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में समिति के समक्ष लंबित प्रकरण यूआईटी क्षेत्र में भूमि पर अवैध प्लोटिंग एवं कब्जे के प्रकरण को रखा गया, जिस पर जिला कलक्टर ने राजस्व अधिकारियों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई से विस्तार से अवगत कराया एवं यूआईटी सचिव को निर्देशित किया कि सुनिश्चित करें कि अवैध प्लॉटिंग नहीं होवें।
साथ ही जिला कलक्टर ने वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा एवं समिति के सदस्यगणों को आश्वस्त किया कि समिति के समक्ष रखे गए सुझावों एवं समस्याओं पर त्वरित कार्यवाही कर निश्चित समयसीमा में इनका शत-प्रतिशत समाधान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त समिति के सदस्यगणों ने सड़क निर्माण, पेयजल, स्वास्थ्य, सीवरेज एवं अतिक्रमण संबंधी समस्याओं से अवगत कराया, जिनमें घोड़ा फेर चौराहे से ढाई पड़ी तक इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य,परशुराम सर्किल से बारेठ छात्रावास क्षेत्र में ड्रेनेज़ हेतु नाला निर्माण,प्रताप बांध से माचिया कुंड तक सड़क निर्माण कार्य, शहर में पार्किंग व्यवस्था,
किसानों को मांग अनुसार उर्वरक उपलब्धता, चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सकों की कमी, कठूमर कस्बे में पेयजल कनेक्शन, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच, नांगली मेघा गांव में गौचर भूमि पर अवैध अतिक्रमण व जेजेएम योजना पानी कनेक्शन इत्यादि रहे, जिस पर जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में इनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में अलवर क्रय-विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री संजय नरुका, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सालुखे गौरव रविंद्र, यूआईटी की सचिव श्रीमती धाईगुडे स्नेहल नाना, डीएफओ अलवर श्री राजेंद्र हुड्डा, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम श्री योगेश डागुर, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री अम्बालाल मीणा, नगर निगम आयुक्त श्री सोहन सिंह नरुका,
अतिरिक्त पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय श्री दीपक शर्मा, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता श्री भूरी सिंह, पीएचईडी एसई श्री रमेश चंद सैनी, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, समिति के सदस्यगण श्री घनश्याम गुर्जर, दिनेश गुप्ता, श्री रामलाल वर्मा, श्री श्री शेर सिंह मीणा, श्रीमती रीटा सेठी, श्री सत्येंद्र सैनी, श्री इब्राहिम खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।