राजस्थान : सैटेलाइट अस्पताल की छत का प्लास्टर गिरा, चिकित्सक व महिला मरीज घायल, हड़कंप मचा![]()
दर्जनों शिकायतों के बावजूद नहीं जागा सार्वजनिक निर्माण विभाग, बड़ी दुर्घटना का इंतजार?
टेन न्यूज़ ii 06 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट: रुपेश शर्मा
लोकेशन: अलवर (राजस्थान)
अलवर। शहर के काला कुआं स्थित राजकीय सैटेलाइट अस्पताल में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल के कक्ष संख्या-7 की छत का प्लास्टर अचानक तेज धमाके के साथ पंखे सहित नीचे गिर गया। हादसे के समय कक्ष में मरीजों को देख रहे चिकित्सक डॉ. सीताराम तथा उपचार कराने आई एक महिला मरीज इसकी चपेट में आकर घायल हो गए।![]()
हादसे की आवाज सुनते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के अन्य चिकित्सकों ने तत्काल दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं, लेकिन इस घटना ने अस्पताल भवन की जर्जर स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार अस्पताल भवन की खराब हालत को लेकर सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं। इसके बावजूद भवन की मरम्मत या सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों का कहना है कि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों ने मांग की है कि अस्पताल भवन के निर्माण में यदि किसी प्रकार की लापरवाही हुई है तो उसकी जांच कर दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
साथ ही जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने जिला कलेक्टर अलवर से काला कुआं स्थित सैटेलाइट अस्पताल का स्वयं निरीक्षण करने तथा मरीजों और चिकित्सकों की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल को शीघ्र सुरक्षित भवन में स्थानांतरित करने की मांग की है।
इस संबंध में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भवन की स्थिति से उच्च अधिकारियों को पहले भी अवगत कराया जा चुका है। मामले में संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है।
बाइट: प्रमिला मीणा, अधिकारी
बाइट: अस्पताल प्रभारी