रायबरेली में सनसनी: पानी की टंकी के पास चारपाई पर सो रहे व्यक्ति की धारदार हथियार से निर्मम हत्या

टेन न्यूज़ !! १५ जून २०२६ !! रिपोर्ट वसीम खान ब्यूरो, लोकेशन रायबरेली
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बछरावां थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और दहशत का माहौल है।
चारपाई पर सोते समय किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बछरावां थाना क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में एक पानी की टंकी के बाहर एक व्यक्ति चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सुबह जब आसपास के लोगों ने खून से लथपथ शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतक की पहचान राम सजीवन के रूप में हुई है, जो बछरावां के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
”घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”
पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है कि आखिर इस हत्या के पीछे की वजह क्या थी—कोई पुरानी रंजिश या फिर कोई और विवाद। फिलहाल, इस खौफनाक वारदात से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर का माहौल है।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट