कटरा नगर के रामनगर कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट खराब, युवाओं ने मतदान बहिष्कार की चेतावनी दी

टेन न्यूज़ !! १५ अप्रैल २०२६ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर
मीरानपुर कटरा। रामनगर कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान में लगी स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब पड़ी होने के कारण क्षेत्र के युवाओं और छात्रों में रोष बढ़ता जा रहा है। अंधेरे के चलते स्थानीय युवा वॉलीबॉल सहित अन्य खेल गतिविधियां नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी दिनचर्या और शारीरिक गतिविधियों पर असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बताया जा रहा है कि यह स्ट्रीट लाइट पूर्व सांसद कृष्णा राज द्वारा लगवाई गई थी, लेकिन रखरखाव के अभाव में अब पूरी तरह से बंद पड़ी है।
समस्या से नाराज युवाओं और छात्रों ने 14 अप्रैल 2026 को रामलीला मैदान में बैठक कर कड़ा निर्णय लिया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्ट्रीट लाइट की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे 5 मई 2026 को होने वाले नगर पंचायत उपचुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे।
युवाओं का कहना है कि जब उनकी मूलभूत समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, तो चुनाव में भाग लेने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार चुनाव में युवा वर्ग की भूमिका निर्णायक होगी और यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो इसका सीधा असर मतदान प्रतिशत पर पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सामान्य गतिविधियां बहाल हो सकें और युवाओं में बढ़ता आक्रोश शांत हो सके।
