मगरमच्छ के बच्चों की तलाश में दूसरे दिन भी रेस्क्यू जारी, जेसीबी से सफाई कर हटाई गई झाड़ियां![]()
टेन न्यूज ii 03 अगस्त 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अयाना थाना क्षेत्र के ततारपुर कलां गांव में सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में मगरमच्छ के बच्चे दिखाई देने की सूचना पर वन विभाग का रेस्क्यू अभियान रविवार को भी जारी रहा।बुलडोजर की मदद से गड्ढे की सफाई कर झाड़ियां और कीचड़ हटवाया गया,लेकिन देर शाम तक वन विभाग की टीम को मगरमच्छ के बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार को भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद सेंगर के घर के पास स्थित गड्ढे में ग्रामीणों ने मगरमच्छ के बच्चे देखे थे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंपिंग सेट से गड्ढे का पानी निकालने का प्रयास किया था।
हालांकि, गड्ढे में अत्यधिक कीचड़ और घनी झाड़ियों के कारण रेस्क्यू अभियान सफल नहीं हो सका। रविवार को वन दरोगा अभिषेक मिश्रा और रेंजर धर्मवीर सिंह टीम के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे। और जेसीबी से गड्ढे की झाड़ियां और कीचड़ हटवाया तथा पंपिंग सेट से पानी का स्तर और कम कराया।
इसके बाद वनकर्मियों ने मैनुअल तरीके से मगरमच्छ के बच्चों की तलाश की, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे।
गांव के लोगों में मगरमच्छ के बच्चों को लेकर दहशत बनी हुई है और वे जल्द से जल्द उन्हें पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजे जाने की मांग कर रहे हैं।
वन दरोगा अभिषेक मिश्रा ने बताया कि गड्ढे की लगातार तलाशी ली जा रही है। वन्यजीवों का पता लगते ही उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।