• Mon. Aug 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

नोएडा सेक्टर-150 की सोसाइटी में एसटीपी सफाई के दौरान दो कर्मचारियों की मौत, बिल्डर को नोटिस

ByTen News One Desk

Jul 31, 2026
25 Views

नोएडा सेक्टर-150 की सोसाइटी में एसटीपी सफाई के दौरान दो कर्मचारियों की मौत, बिल्डर को नोटिस


टेन न्यूज ii 31 जुलाई 2026 ii गीता बाजपेई ब्यूरो

नोएडा। सेक्टर-150 स्थित एल्डिको लिविंग ग्रीन सोसायटी में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के इक्विटी टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। टैंक की सफाई करने के दौरान दो कर्मचारियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सफाई कर्मी शशिकांत और सुरक्षा गार्ड आकाश के रूप में हुई है।

घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण के जल खंड द्वितीय ने एल्डिको बिल्डर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। प्राधिकरण ने बिल्डर से एक सप्ताह के भीतर हादसे से संबंधित कई बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

प्राधिकरण ने बिल्डर से पूछा है कि एसटीपी के रखरखाव का कार्य देख रही जयपुर की कंपनी केएसपी हाइड्रो इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ प्रबंधन की ओर से अब तक क्या कार्रवाई की गई है। इसके अलावा मृत कर्मचारियों के परिवारों को किस प्रकार का मुआवजा उपलब्ध कराया गया है और इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की निर्धारित गाइडलाइन का पालन किया गया या नहीं, इसकी भी जानकारी मांगी गई है।

नोटिस में यह सवाल भी उठाया गया है कि एसटीपी की सफाई का काम रात के समय क्यों कराया गया और सफाई के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया। कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण और व्यवस्थाएं उपलब्ध थीं या नहीं, यह भी जांच का विषय बना हुआ है।

जल खंड द्वितीय के वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह घटना बिल्डर प्रबंधन और एसटीपी का रखरखाव देखने वाली एजेंसी की लापरवाही का परिणाम प्रतीत होती है। प्राधिकरण की ओर से मामले में जवाब मांगे जाने के बाद अब बिल्डर प्रबंधन को संबंधित बिंदुओं पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी।

हादसे में दो कर्मचारियों की मौत के बाद सोसायटी में भी शोक का माहौल है। वहीं, कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था और एसटीपी के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में प्राधिकरण की जांच और बिल्डर के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!